BikanerExclusiveReligiousSociety

श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में जन्माष्टमी पर गूंजेगा “नंद के आनंद भयो”, पोस्टर का लोकार्पण

बीकानेर, 3 सितंबर। श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति द्वारा बीकानेर विकास प्राधिकरण, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी, जोधपुर तथा लोटस डेयरी के सहयोग से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार, 4 सितंबर को श्री लक्ष्मीनाथजी मंदिर परिसर में सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम “नंद के आनंद भयो-जय कन्हैया लाल की” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम रात्रि 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक आयोजित होगा।

समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि कार्यक्रम के पोस्टर का लोकार्पण गुरुवार को मंदिर के व्यास पीठाधीश्वर पंडित विजय शंकर व्यास तथा मुख्य पुजारी नरोत्तम सेवग ने किया। इस अवसर पर महेंद्र सोनी, विनोद महात्मा, शिव प्रकाश सोनी, नरेंद्र शर्मा, अनिल सोनी, हनुमंत आसोपा, ब्रजेश मदान, नितिन सेवग सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

कच्छावा ने बताया कि कार्यक्रम में स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

मध्यरात्रि में होगा कंस-वध और जन्मोत्सव

मंदिर के मुख्य पुजारी नरोत्तम सेवग ने बताया कि जन्माष्टमी की रात्रि 12 बजे कंस-वध लीला का आयोजन होगा। इसके पश्चात व्यास पीठाधीश्वर पंडित विजय शंकर व्यास भगवान श्रीकृष्ण की कथा का वाचन करेंगे। वहीं भगवान की जन्म पत्रिका का वाचन, आरती एवं जन्मोत्सव के आयोजन के बाद श्रद्धालुओं को पंजीरी और पंचामृत का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

समिति ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर जन्माष्टमी महोत्सव का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *