100 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ, पंडित बद्री प्रसाद व्यास मेमोरियल ट्रस्ट का नि:शुल्क फिजियोथेरेपी शिविर सफल
बीकानेर। पंडित बद्री प्रसाद व्यास मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार को व्यास एडवोकेट लॉ चैंबर्स, जस्सूसर गेट के बाहर नि:शुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 100 से अधिक मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। आधुनिक एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित इस शिविर में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर लाभ उठाया।


सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चले शिविर में मरीजों को मांसपेशियों एवं जोड़ों के दर्द, गर्दन और कमर की समस्याओं, खेल या दुर्घटना से लगी चोटों तथा सर्जरी के बाद पुनर्वास संबंधी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर में फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. आदित्य व्यास (पीटी) ने मरीजों की विस्तृत जांच कर उनकी शारीरिक स्थिति का मूल्यांकन किया तथा आवश्यकतानुसार फिजियोथेरेपी उपचार एवं व्यायाम संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। मरीजों को दर्द प्रबंधन, शरीर की कार्यक्षमता बढ़ाने और दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली सावधानियों की भी जानकारी दी गई।
ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट कुंदन व्यास के मार्गदर्शन एवं पहल पर आयोजित इस जनहितकारी शिविर को क्षेत्रवासियों ने सराहनीय बताया। शिविर के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में मरीजों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
आयोजकों ने बताया कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं आमजन तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी कड़ी में यह शिविर आयोजित किया गया, जिसे लोगों का भरपूर सहयोग और समर्थन मिला।
कार्यक्रम के अंत में शिविर के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया गया। ट्रस्ट ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, जनकल्याण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजन निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

