वार्ड 43 से कांग्रेस प्रत्याशी विनय हर्ष के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ
डॉ. बी डी कल्ला ने किया उद्घाटन

बीकानेर। नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन शुरू हो गया है। बुधवार को जवाहर नगर क्षेत्र में वार्ड संख्या 43 से कांग्रेस प्रत्याशी विनय हर्ष के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. बी डी कल्ला ने किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. कल्ला ने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई लगातार बढ़ी है और बीकानेर शहर का विकास प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, नाली और मूलभूत सुविधाओं को लेकर आमजन में असंतोष है। उन्होंने वार्ड 43 से कांग्रेस प्रत्याशी विनय हर्ष को शिक्षित, जागरूक और जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने वाला उम्मीदवार बताते हुए वार्डवासियों से उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
डॉ. कल्ला ने कहा कि स्थानीय निकायों में जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और जवाबदेही से ही क्षेत्र का समुचित विकास संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि विनय हर्ष वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाकर उनके समाधान के लिए कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों ने डॉ. कल्ला का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर कांग्रेस नेता यशपाल गहलोत, कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

