भुजिया किंग फन्ना बाबू का निधन अपूरणीय क्षति _पचीसिया, आज दोपहर 2 बजे तक औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रखने का आह्वान
बीकानेर। भुजिया किंग के नाम से विख्यात वरिष्ठ उद्योगपति फन्ना बाबू के निधन पर उद्योग एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर है। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने इसे उद्योग और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए 24 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक जिले के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रखने का आह्वान किया है।

पचीसिया ने कहा कि फन्ना बाबू के निधन से पूरा उद्योग संघ परिवार आहत है। उन्होंने कहा कि बाबू ने अपने उद्यम कौशल, दूरदृष्टि और मेहनत से न केवल बीकाजी को वैश्विक पहचान दिलाई, बल्कि बीकानेर को भी विश्व पटल पर स्थापित किया।
श्रीमती सीएम मूंधड़ा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी किशन मूंधड़ा ने कहा कि वरिष्ठ उद्योगपति, भामाशाह और समाजसेवी के रूप में फन्ना बाबू का योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उद्योग संघ के उपाध्यक्ष नरेश मित्तल ने कहा कि देश ने एक बड़े उद्योगपति को खो दिया है, जिनके अनुभव और मार्गदर्शन से बीकाजी ब्रांड ने दुनिया भर में बीकानेरी स्वाद की पहचान बनाई।
उपाध्यक्ष अशोक सुराणा ने कहा कि फन्ना बाबू उद्योग, व्यापार, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में समान रूप से सक्रिय रहे। सचिव वीरेंद्र किराडू ने उनके निधन को केवल बीकानेर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए दुःखद बताया। कोषाध्यक्ष पारस डागा ने उन्हें युवा उद्यमियों का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि देशभर के युवा उन्हें अपना आदर्श मानते हैं।
संयुक्त सचिव श्यामसुंदर सोनी ने कहा कि उनके हंसमुख और मिलनसार व्यक्तित्व को हमेशा याद रखा जाएगा। वरिष्ठ उद्योगपति कन्हैयालाल बोथरा ने इसे व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि फन्ना बाबू उनके परम मित्र थे।
फोर्टी संभाग अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी और सचिव मनीष नाहटा ने भी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नियति ने आज एक अनुभवी उद्योगपति और समाजसेवी को हमसे छीन लिया, जिसकी भरपाई असंभव है।
फन्ना बाबू के निधन पर उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं में शोक व्याप्त है। उनके सम्मान में आज दोपहर 2 बजे तक औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी।

