BikanerEducationExclusive

15 अक्टूबर तक स्कूलों का समय सुबह 7.30 से दोपहर 1 बजे रखने की मांग

बीकानेर । राजस्थान में अक्टूबर माह के शुरुआती दिनों में संभावित गर्मी को देखते हुए एकल पारी विद्यालयों का समय 15 अक्टूबर तक पूर्ववत रखने की मांग की गई है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जोशी ने शिक्षा मंत्री एवं स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।


पत्र में कहा गया है कि शिविरा पंचांग के अनुसार एकल पारी विद्यालयों का समय 1 अक्टूबर से सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1 बजे के स्थान पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किए जाने का प्रावधान है। संगठन ने अक्टूबर के प्रथम पखवाड़े में संभावित अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का हवाला देते हुए समय में बदलाव स्थगित करने की मांग की है।


पत्र के अनुसार दोपहर के समय अधिक गर्मी से विद्यार्थियों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। गर्मी के कारण विद्यार्थियों की एकाग्रता और पढ़ाई में रुचि प्रभावित होने की बात भी कही गई है। संगठन ने पूर्व में बदलते मौसम के दौरान 15 अक्टूबर तक विद्यालयों का समय सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक रखे जाने की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए इसे प्रभावी समाधान बताया।


प्रदीप जोशी ने मांग की है कि 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक एकल पारी विद्यालयों का समय पूर्व की भांति सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों को संभावित गर्मी से राहत मिल सके और शैक्षणिक कार्य भी सुचारु रूप से जारी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *