BikanerBusinessExclusive

पुष्करणा मेले में कारोबारी लॉन की व्यवस्था सराहनीय पहल : सरिता व्यास

53 स्टॉल्स लगेंगी, पांच दिवसीय कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आयोजकों ने दी जानकारी

बीकानेर। पुष्करणा समाज के उत्पत्ति दिवस के उपलक्ष्य में पुष्करणा प्रन्यास के तत्वावधान में 22 से 26 अगस्त तक आयोजित होने वाले पांच दिवसीय कार्यक्रमों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में धरणीधर महादेव सभागार में आयोजित बैठक एवं कार्यशाला में श्री स्टाइलिश कलेक्शन की ओनर एवं साड़ी व्यवसायी सरिता व्यास ने कहा कि पुष्करणा मेले में महिलाओं के लिए कारोबारी लॉन की व्यवस्था करना एक सराहनीय एवं दूरदर्शी कदम है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाएं न केवल नए व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित होंगी, बल्कि अपने मौजूदा कारोबार को भी विस्तार दे सकेंगी। सरिता व्यास ने कहा कि एक महिला जिस समर्पण, सूझबूझ और जिम्मेदारी के साथ किसी व्यवसाय का संचालन कर सकती है, वह समाज और परिवार दोनों के लिए प्रेरणादायी है।

आयोजन समिति से जुड़े अनिल पुरोहित ने बताया कि 22 अगस्त को दोपहर 1 बजे पुष्करणा स्टेडियम में पुष्करणा मेले का शुभारंभ होगा। मेले में समाज की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ी 53 स्टॉल्स लगाई जाएंगी। स्टॉल संचालिकाओं को नियमों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी देने के लिए धरणीधर ऑडिटोरियम में कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें आयोजकों ने व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी देने के साथ प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

उन्होंने बताया कि 22 अगस्त की शाम पारंपरिक गीत-संगीत कार्यक्रम तथा समाज की शैक्षणिक संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा। 23 अगस्त को रंगोली प्रतियोगिता एवं हास्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें समाज के कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।

24 अगस्त को मेहंदी-मांडना प्रतियोगिता, साहित्यकारों तथा अपने क्षेत्र में 25 वर्ष पूर्ण कर चुके पत्रकारों का सम्मान एवं संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। 25 अगस्त को महिलाओं के लिए पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता होगी, जबकि शाम को पुष्करणा स्टेडियम में दीपदान, 65 वर्ष से अधिक आयु के अधिवक्ताओं का सम्मान एवं संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को पुष्करणा दिवस के अवसर पर मां उष्टवाहिनी का पूजन किया जाएगा। इसके बाद ‘आया सावन झूम के’ पारंपरिक नृत्य, वेदपाठ, भजन संध्या एवं सामूहिक प्रसाद का आयोजन होगा।

बैठक में वीरेंद्र किराडू ने मेले में पुष्करणा महिलाओं के उद्यम लगाने या कारोबार को विस्तार देने के लिए लॉन उपलब्ध करवाने वाली विभिन्न संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाने की जानकारी दी ।

इस अवसर पर रासबिहारी जोशी, एडवोकेट सोमदत्त पुरोहित, राजीव हर्ष, जयनारायण बिस्सा, बद्रीदास जोशी, महेंद्र व्यास, वीरेंद्र किराडू, राजकुमारी व्यास, आरती आचार्य, शिवराज व्यास, सेनूका हर्ष, सुमन ओझा, प्रेमशंकर रंगा, नवरत्न व्यास, शशि व्यास, विजय भादाणी एवं विजय पुरोहित सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *