BikanerEducationExclusive

स्वामी आरएन स्कूल के वार्षिकोत्सव ‘उमंग’ में 1300 विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

जीवन के विभिन्न पड़ावों, भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक चुनौतियों को मंच पर किया जीवंत

बीकानेर। करणी नगर स्थित स्वामी रामनारायण ग्लोबल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘उमंग’ धूमधाम से मनाया गया। नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के लगभग 1300 विद्यार्थियों ने शिक्षकों के निर्देशन में जीवन के विभिन्न रंगों को दर्शाती कलात्मक और मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और जीवन की चुनौतियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सुमंत व्यास, कुलपति, राजूवास; विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोहर लाल दावां, सीनियर प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सर्जरी, पीबीएम हॉस्पिटल; एसबीआई के एजीएम अभिषेक माथुर; न्यायाधीश प्रमोद बंसल एवं मधु हिसारिया; लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव यादव; न्यूज 21 के एडिशनल डायरेक्टर संजीव पाराशर तथा डॉ. वर्षा माकड़ ने आरएसवी ग्रुप ऑफ स्कूल्स की एमडी श्रीमती निधि, सीईओ आदित्य स्वामी, श्रीमती अंबिका गौतम और रामलाल स्वामी के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम प्रभारी हरि वर्मा एवं वंदना गैरा ने बताया कि वार्षिकोत्सव की प्रस्तुतियों में जीवन के विभिन्न पड़ावों—बचपन, युवावस्था, वृद्धावस्था तथा जीवन और मृत्यु—को दर्शाया गया। विद्यार्थियों ने स्कूल फन और जीवनोत्सव के साथ भारतीय संस्कृति तथा अनेकता में एकता के प्रतीक गरबा, पंजाबी भांगड़ा और सूफी गीतों की प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही परिवार के महत्व, जीवन में हास्य की उपयोगिता तथा असफलता और सफलता के विभिन्न पहलुओं को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। उम्र के अंतर को दर्शाती झांकी और विद्यालय के विभिन्न आयामों की झलक भी दिखाई गई।

आज के दौर में युवाओं के सामने उभर रही निराशा, नशे की प्रवृत्ति और काल्पनिक दुनिया के सपनों जैसे विषयों को भी विद्यार्थियों ने सहज एवं प्रभावशाली तरीके से मंच पर उतारा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दर्शकों को सामाजिक चुनौतियों और जीवन के वास्तविक मूल्यों के प्रति सोचने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में लगातार तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। दर्शकों की उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया। विशिष्ट अतिथियों ने विद्यालय की ओर से किए जा रहे नवाचारों तथा विद्यार्थियों में संस्कारों के विकास के प्रयासों की सराहना की।

अतिथियों ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बालक-बालिकाओं को परिवार और संस्कारों से जोड़े रखें तथा मोबाइल और सोशल मीडिया के उपयोग को सीमित करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन ऋतु शर्मा ने किया। नृत्य निर्देशन संयोगिता शर्मा, भूमिका झा एवं फणीश्वर खत्री ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *