एसआईआर पर कांग्रेस का चुनाव आयोग से जवाब मांगने का आग्रह, पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा

बीकानेर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान के सहप्रभारी चिरंजीवी राव ने रविवार को रानी बाजार स्थित जिला कांग्रेस कमेटी देहात कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर कांग्रेस संगठन की तैयारियों की जानकारी दी।
चिरंजीवी राव ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची की पारदर्शिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विभिन्न स्तरों पर सवाल उठ रहे हैं और मतदाता सूचियों में नामों के संबंध में चिंताएं व्यक्त की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ रिपोर्टों में चुनाव आयोग के भीतर भी इस विषय पर आपत्तियों का उल्लेख किया गया है। राव ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि मतदाता सूची में किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल नहीं होना चाहिए। चुनाव प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बनाए रखना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगी और लोकतांत्रिक संस्थाओं में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग उठाती रहेगी।
पंचायतीराज चुनावों के संबंध में राव ने कहा कि कांग्रेस का संगठन गांव-ढाणी तक सक्रिय है और बूथ स्तर तक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री बीडी कल्ला ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास है और यह विश्वास तभी कायम रह सकता है जब चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह हो। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची किसी भी चुनाव की बुनियाद होती है तथा यदि किसी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने चुनाव आयोग से उठ रहे सवालों पर स्पष्ट और सार्वजनिक जवाब देने की आवश्यकता जताई।
देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था से जनता को निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही की अपेक्षा रहती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रक्रिया को लेकर सवाल सामने आते हैं तो आयोग को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और जनता के भरोसे को मजबूत करने की पक्षधर है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन और शुद्ध बनाना है, लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी पात्र मतदाता का नाम प्रक्रिया संबंधी कारणों से सूची से बाहर न हो। उन्होंने गरीब, ग्रामीण, मजदूर और दस्तावेजी कठिनाइयों का सामना करने वाले नागरिकों के अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया।
नगर निगम उपमहापौर चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर चिरंजीवी राव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह मार्शल ने बताया कि प्रेस वार्ता में प्रदेश महासचिव प्रद्युम्न सिंह राठौड़, पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत, डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, पीसीसी सचिव शिवलाल गोदारा, कॉमरेड हनुमान चौधरी, डॉ. प्रीति मेघवाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

