BikanerBusinessHealth

एमजीएस विश्वविद्यालय के कुलगुरु का बीकानेर वेलनेस सेंटर भ्रमण, शैक्षणिक सहयोग पर हुई चर्चा

बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने बीकानेर वेलनेस सेंटर का औपचारिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में संचालित आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, योग, पंचकर्म एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाओं का अवलोकन किया तथा विभिन्न थेरेपी कक्षों और प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।


बीकानेर वेलनेस सेंटर के निदेशक अनिल जुनेजा एवं डॉ. वत्सला गुप्ता ने सेंटर की कार्यप्रणाली, उपचार पद्धतियों, उपलब्ध सुविधाओं और अनुसंधान की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेंटर में पंचकर्म, षट्क्रिया, विरेचन, योग, मानसिक स्वास्थ्य सहित अनेक समग्र थेरेपी सेवाएं रोगियों को प्रदान की जा रही हैं।


कुलगुरु आचार्य मनोज दीक्षित ने प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग को स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इस प्रकार की इंटीग्रेटेड पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देने के साथ-साथ समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से योग विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल दुलार, उपकुलपति डॉ. प्रकाश सहारण एवं यूनिसेफ कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित कुमार पांडे उपस्थित रहे। वहीं वेलनेस सेंटर की टीम से चालाना हॉस्पिटल के डॉ. विजय कुमार चालाना, डॉ. शिव प्रसाद भाम्भू (आयुर्वेद विभाग), निदेशक अनिल जुनेजा, प्रतीक चालाना, डॉ. वत्सला गुप्ता (प्राकृतिक चिकित्सा विभाग), रिधि डुमरा (मनोविशेषज्ञ), आकांक्षा माथुर एवं अमनराज राजपुरोहित (योगाचार्य) सहित अन्य सदस्यों ने कुलगुरु का पुष्पगुच्छ, शाल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया।


बैठक के दौरान विश्वविद्यालय और बीकानेर वेलनेस सेंटर के मध्य शैक्षणिक सहयोग, छात्र प्रशिक्षण, संयुक्त शोध एवं कौशल विकास कार्यक्रमों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। आचार्य दीक्षित ने अपने अनुभव साझा करते हुए सेंटर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


उल्लेखनीय है कि बीकानेर वेलनेस सेंटर का उद्देश्य आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा को वैज्ञानिक और शोधपरक दृष्टिकोण के साथ समाज तक पहुँचाना तथा युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *