जैन पब्लिक स्कूल में 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों के लिए ब्लेसिंग सेरेमनी, मजबूत हुआ आत्मविश्वास
बीकानेर। श्री जैन पब्लिक स्कूल में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना के साथ ब्लेसिंग सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जागृत करना, सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा तनावमुक्त वातावरण में परीक्षा देने हेतु उन्हें प्रेरित करना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती को माला अर्पण एवं प्रसाद चढ़ाकर किया गया। इसके पश्चात माँ शारदे की स्तुति एवं गुणगान से वातावरण को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक बनाया गया। सभी विषयों के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषय से संबंधित महत्वपूर्ण एवं उपयोगी सुझाव दिए तथा उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया, जिससे विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें।
विद्यालय की प्राचार्या रूपश्री सिपानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, आत्मविश्वास बनाए रखने एवं बिना किसी तनाव के परीक्षा कक्ष में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष विजय कुमार कोचर, सचिव सीए मानव कोचर एवं सीईओ सीमा जैन ने भी विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ आगामी परीक्षाओं के लिए संकल्प लिया। संपूर्ण कार्यक्रम अनुशासित, प्रेरणादायक एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा।

