अनुराग व्यास के अभिनय में दिखी इरफ़ान खान जैसी सादगी, बोले निर्देशक हसनैन हैदराबादवाला
मुम्बई। फिल्म “दा किलर” में इरफ़ान खान और इमरान हाश्मी जैसे दिग्गज कलाकारों को निर्देशित कर चुके महेश भट्ट कैंप के वरिष्ठ फिल्म निर्देशक हसनैन हैदराबादवाला ने बॉलीवुड अभिनेता अनुराग व्यास के अभिनय की जमकर सराहना की है।

हसनैन का कहना है कि अनुराग व्यास के अभिनय में उन्हें दिवंगत अभिनेता इरफ़ान खान की सादगी और गहराई की झलक मिलती है।
दरअसल, निर्देशक हसनैन हैदराबादवाला इन दिनों अनुराग व्यास को लेकर एक नई वेब सीरीज़ बना रहे हैं, जिसकी शूटिंग हाल ही में फिल्मसिटी में की गई। यह वेब सीरीज़ जल्द ही QUIK OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ होने वाली है।
अनुराग व्यास अभिनीत वेब सीरीज़ “फिर भी तुमको चाहूँगा” पहले ही QUIK OTT की सबसे सफल फिल्मों में शुमार हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार, इस सीरीज़ को अब तक दुनियाभर में 15 करोड़ से अधिक दर्शक देख चुके हैं और यह प्लेटफॉर्म की सबसे ज्यादा बिज़नेस करने वाली फिल्म साबित हुई है। सीरीज़ को रोज़ाना लाखों दर्शकों का प्यार मिल रहा है।
निर्देशक हसनैन हैदराबादवाला ने बताया कि अनुराग व्यास के व्यक्तित्व में इरफ़ान खान जैसी सादगी है और उनकी अभिनय क्षमता किसी भी दृश्य में जान डाल देती है। उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट और कहानी को लेकर अनुराग की समझ और निर्देशक के प्रति उनका समर्पण उन्हें एक हाई-प्रोफेशनल अभिनेता बनाता है।
हसनैन के अनुसार,
“आज बॉलीवुड में ज़्यादातर लोग हीरो बनने आते हैं, एक्टर बनने नहीं। लेकिन अनुराग व्यास इस भीड़ से अलग हैं और अपने अभिनय के दम पर एक अलग मुकाम बना रहे हैं।”
उन्होंने राजस्थान की तारीफ़ करते हुए कहा कि राजस्थान की माटी वाकई सोना उगलती है, तभी वहां से ऐसे कलाकार निकलकर देश और दुनिया में नाम कमा रहे हैं।
हसनैन ने यह भी बताया कि महेश भट्ट आज भी अनुराग व्यास से हुई मुलाकात को याद करते हैं और उनमें एक सुनहरा भविष्य देखते हैं। उन्होंने कहा कि अनुराग की चर्चा पूरे बॉलीवुड में है और जल्द ही वह बड़े पर्दे पर नजर आएंगे।
गौरतलब है कि निर्देशक हसनैन हैदराबादवाला “दा ट्रेन”, “दा किलर” और “जश्न” जैसी सफल फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। इसके अलावा वे कृष, राजा हिन्दुस्तानी, धड़कन, राज, आवारा पागल दीवाना जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में सहायक निर्देशक की भूमिका भी निभा चुके हैं।
अंत में हसनैन ने उम्मीद जताई कि अनुराग व्यास के साथ उनकी यह नई वेब सीरीज़ बॉलीवुड के लिए एक नया अध्याय साबित होगी।

