BikanerEducationExclusive

सुनो सरकार, न्यायालय में रोक नहीं, फिर भी नियुक्ति लंबित; REET के 58 अभ्यर्थी धरने पर

बीकानेर। REET-2022 विशेष शिक्षा (लेवल-2) के 58 चयनित एवं अप्रभावित अभ्यर्थियों ने अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर मंगलवार से शिक्षा निदेशालय, बीकानेर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों का कहना है कि परिणाम घोषित हुए करीब नौ माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें जिला आवंटन और नियुक्ति नहीं दी गई है।

धरनारत अभ्यर्थियों ने बताया कि REET-2022 विशेष शिक्षा का परिणाम 10 अक्टूबर 2025 को जारी हुआ था। इसके बाद भी 58 चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया लंबित है। उनका कहना है कि शिक्षा निदेशक ने 22 अप्रैल 2026 को शासन को पत्र लिखकर इन 58 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा भी की थी, लेकिन तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई निर्णय नहीं लिया गया।

अभ्यर्थियों ने दावा किया कि उनके मामले में किसी भी न्यायालय की ओर से कोई रोक नहीं है तथा अन्य अप्रभावित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जा चुकी है। इसके बावजूद उन्हें नियुक्ति से वंचित रखा गया है।

धरनारत अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार से शीघ्र जिला आवंटन जारी कर नियुक्ति आदेश देने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *