BikanerBusinessExclusive

नवनियुक्त कनिष्ठ लेखाकारों को नए आयकर अधिनियम-2025 की दी जानकारी, टीडीएस कार्यशाला आयोजित

बीकानेर। आयकर विभाग (टीडीएस), बीकानेर की ओर से हरीशचंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (रीपा) में नवनियुक्त कनिष्ठ लेखाकारों के लिए नए आयकर अधिनियम-2025 पर विशेष टीडीएस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए करीब 100 जूनियर अकाउंटेंट्स ने भाग लिया।

आयकर आयुक्त (टीडीएस) राजस्थान शैलेन्द्र शर्मा के निर्देशानुसार तथा अपर आयकर आयुक्त निधि नायर एवं रीपा के अतिरिक्त निदेशक नरेन्द्र थोरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस सेमिनार का उद्देश्य नव नियुक्त लेखाकारों को नए वित्तीय एवं कर नियमों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यशाला के मुख्य वक्ता आयकर अधिकारी (टीडीएस) बीकानेर रामकृष्ण जाखड़ ने नए आयकर अधिनियम-2025 के तहत टीडीएस एवं टीसीएस से जुड़े नवीन प्रावधानों और नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सरकारी विभागों में टीडीएस की समय पर कटौती और नियमानुसार जमा कराने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर संबंधी दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन प्रशासनिक पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन के लिए आवश्यक है।

विशिष्ट वक्ता चार्टर्ड अकाउंटेंट अंकुश चौपड़ा ने प्रतिभागियों को टीडीएस रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, आम त्रुटियों तथा उनके सुधार से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। वहीं आयकर निरीक्षक बलदेव सारण ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए टीडीएस से संबंधित विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभा कास्वां ने धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन में उपस्थित अधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कनिष्ठ लेखाकार अपने विभागीय कार्यों में टीडीएस संबंधी दायित्वों का अधिक शुद्धता और समयबद्धता के साथ निर्वहन कर सकेंगे।

Show quoted text

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *