बीयूवीएम राजस्थान में मनोनयन सम्पन्न, मोहन सुराणा बने कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष
बीकानेर। भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल (बीयूवीएम) की राजस्थान इकाई में संगठनात्मक विस्तार और मजबूती को लेकर मनोनयन प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने बीकानेर के वरिष्ठ व्यापारी एवं समाजसेवी मोहन सुराणा को राजस्थान का कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है।

सुराणा के प्रदेशाध्यक्ष बनने पर व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर देखी जा रही है। विभिन्न संगठनों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में बीयूवीएम और अधिक सशक्त होगा तथा प्रदेशभर के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मोहन सुराणा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों को मजबूती देने और संगठन को गांव-गांव तक विस्तारित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापार जगत अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है, ऐसे में बीयूवीएम एक सशक्त मंच बनकर उभरेगा और व्यापारियों की समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएगा।
संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सुराणा को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

