थार की धर्मनगरी बीकानेर में जगद्गुरु का आगमन, चैत्र नवरात्रि पर 14 मंदिरों का होगा निर्माण, 19 से 29 मार्च तक विराट कथा यज्ञ
बीकानेर ।. समुद्र तट क्षेत्र से पधारे जगद्गुरु के आगमन से थार की धर्मनगरी बीकानेर में आस्था का विशेष माहौल बन गया है। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गंगाशहर मार्ग स्थित अग्रवाल भवन में 19 मार्च से 29 मार्च तक विराट कथा यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन तमिलनाडु के श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थधाम, कृष्णगिरि के पीठाधीश्वर जगद्गुरु पूज्यपाद 1008 वसंत विजयानंद गिरि महाराज के सान्निध्य एवं प्रेरणा से किया जा रहा है।


गुरुवार को अग्रवाल भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट सदस्य संकेश जैन ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान अनुष्ठान स्थल पर रातोंरात 35 से 45 फीट ऊंचे चतुर्दश मंदिरों का प्रतीकात्मक निर्माण किया जाएगा, जिनमें विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिष्ठा कर श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 11 दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पायरेट कुबेर-लक्ष्मी यंत्र एवं 1008 जीबू कॉइन साधना शिविर का आयोजन होगा, जिसमें साधक विशेष साधना करेंगे। अनुष्ठान स्थल पर कुबेर और लक्ष्मी के स्थायी वास के संकल्प के साथ विशेष पूजन किया जाएगा।
इस अवसर पर काशी से आए विद्वान पंडितों द्वारा 9 कुंडीय विराट यज्ञ संपन्न करवाया जाएगा, जिसमें कई क्विंटल समिधा की आहुतियां दी जाएंगी। आयोजन का मुख्य आकर्षण अद्भुत शिवलिंग का दर्शन रहेगा।
कार्यक्रम के तहत 500 दिव्य समृद्धि कलश स्थापित किए जाएंगे, जिनमें 351 दुर्लभ धार्मिक महत्व की सामग्रियां रखकर विशेष सिद्धि विधान किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक निशुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। वहीं प्रतिदिन रात्रि 10:30 बजे से भजन संध्या में ख्याति प्राप्त कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से धर्मयज्ञ में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

