BikanerExclusiveReligious

बीकानेर बनेगा विराट चैत्र नवरात्रि महोत्सव का साक्षी, 35–45 फीट ऊंचे मंदिर होंगे मुख्य आकर्षण

बीकानेर। छोटीकाशी के नाम से प्रसिद्ध बीकानेर में इस वर्ष चैत्र नवरात्रि के अवसर पर विराट कथा यज्ञ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 19 मार्च से 29 मार्च तक गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन परिसर में होगा, जिसमें देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


गुरुभक्त संकेश जैन ने बताया कि तमिलनाडु के विश्व विख्यात श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थ धाम कृष्णगिरी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु 1008 वसंत विजयानंद गिरीजी महाराज के सान्निध्य में आयोजित होने वाला यह महोत्सव बीकानेर के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।


उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पायरेट कुबेर लक्ष्मी यंत्र एवं 1008 जीबू कॉइन की साधना का विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक काशी के विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ हजारों किलो मेवा, देशी घी और चंदन की लकड़ियों से 9 कुंडीय दिव्य यज्ञ किया जाएगा।


रात्रि 8 बजे से 11 दिवसीय देवी भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरीजी महाराज कथा वाचन करेंगे। इसके अलावा 500 समृद्धि कलशों का विशेष सिद्धि विधान भी किया जाएगा, जिनमें 351 दुर्लभ वस्तुएं स्थापित की जाएंगी।


आयोजन के दौरान प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी तथा रात्रि में भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।


35 से 45 फीट ऊंचे मंदिर बनेंगे आकर्षण
महोत्सव के दौरान अग्रवाल भवन परिसर में गणपति, भैरव, शिव-पार्वती, लक्ष्मीनारायण, पद्मावती, दुर्गा, करणी माता, ललिता महात्रिपुर सुंदरी, सरस्वती, श्रीराम परिवार और हनुमान सहित कई देवी-देवताओं के 35 से 45 फीट ऊंचे भव्य मंदिर बनाए जाएंगे। आयोजकों का दावा है कि इस प्रकार का आकर्षण सम्पूर्ण भारत में केवल बीकानेर में ही देखने को मिलेगा।


कार्यक्रम में प्रवेश सभी श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *