BikanerBusiness

बीकानेर जिला उद्योग संघ के चुनाव 20 मार्च को, कार्यक्रम घोषित

बीकानेर । बीकानेर जिला उद्योग संघ के आगामी चुनावों की घोषणा कर दी गई है। चुनाव अधिकारी एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी जारी की है।

उन्होंने बताया कि संघ के चुनाव 20 मार्च 2026 को प्रस्तावित हैं। इस चुनाव के लिए एम.एम. मूंधड़ा, विनोद जोशी और दिनेश गहलोत को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। चुनाव में वही सदस्य मतदान कर सकेंगे, जिन्होंने निर्धारित समयावधि में अपना बकाया सदस्यता शुल्क जमा करवा दिया होगा और जिनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल होगा।

चुनाव अधिकारी के अनुसार बकाया वार्षिक सदस्यता शुल्क 13 मार्च 2026 तक प्रातः 10 से 12 बजे तक चेक द्वारा तथा 14 मार्च 2026 तक प्रातः 10 से 12 बजे तक नकद संघ कार्यालय में कोषाध्यक्ष पारस डागा या उनके अधिकृत कर्मचारी को जमा करवाकर रसीद प्राप्त की जा सकती है।

जिन सदस्य संस्थाओं ने अपनी पार्टनरशिप फर्म, कंपनी या संस्था की ओर से मतदान के लिए मनोनीत प्रतिनिधि का नाम नहीं दिया है, वे 14 मार्च को प्रातः 10 से दोपहर 2 बजे तक लिखित में प्रतिनिधि का नाम संघ कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। प्रोपराइटर फर्म के मामले में केवल उसका प्रोपराइटर ही मतदान का अधिकारी होगा। किसी भी स्थिति में प्रोक्सी को मतदान का अधिकार नहीं होगा।

14 मार्च को दोपहर 2 बजे मतदाता सूची और मनोनीत प्रतिनिधियों के नाम संघ के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किए जाएंगे। सूची में त्रुटि या आपत्ति होने पर सदस्य 15 मार्च को शाम 3 से 5 बजे तक चुनाव अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। उसी दिन शाम 6 बजे अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी।

चुनाव प्रक्रिया के तहत आवेदन पत्र का शुल्क 1100 रुपये प्रति आवेदन और मतदाता सूची की प्रति का शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। नामांकन पत्र के साथ अध्यक्ष पद के लिए 11000 रुपये, उपाध्यक्ष के लिए 5000 रुपये और कार्यकारिणी सदस्य के लिए 2000 रुपये जमानत राशि जमा करानी होगी। यदि किसी उम्मीदवार को कुल मतों का एक-छठा भाग भी प्राप्त नहीं होता है तो उसकी धरोहर राशि जब्त कर ली जाएगी।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 16 मार्च को दोपहर 1 से 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उसी दिन शाम 5 बजे नामांकन पत्रों की जांच कर शाम 6 बजे वैध नामांकनों की सूची जारी की जाएगी।

17 मार्च को प्रातः 11 से दोपहर 1 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे, जबकि दोपहर 2 बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।

यदि आवश्यकता हुई तो 20 मार्च को प्रातः 9 से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा और मतदान समाप्ति के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *