चंग की धमाल पर उद्योगपतियों ने खेली पुष्प होली, सद्भावना से सराबोर हुआ माहौल
बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ परिसर में होली के अवसर पर चंग की धमाल के साथ भव्य पुष्प होली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया सहित पदाधिकारियों, सदस्यों, उद्यमियों एवं व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान वातावरण सद्भावना, उल्लास और आपसी मेलजोल से परिपूर्ण नजर आया।


अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने अपने संबोधन में कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे का त्योहार है। यह पर्व हमें सभी प्रकार के वैमनस्य भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलजुल कर रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जल संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि होली के दौरान पानी की बर्बादी कम से कम करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी जीवन के लिए आवश्यक जल उपलब्ध हो सके।
बीकानेर दाल मिल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जयकिशन अग्रवाल ने कहा कि उद्योग संघ द्वारा आयोजित पुष्प होली का यह कार्यक्रम उद्यमियों और व्यापारियों को एक मंच पर लाने में सफल रहा है, जिससे आपसी संबंध और अधिक मजबूत हुए हैं।
कारोबारी श्यामसुंदर सोनी ने बताया कि बीकानेर की पारंपरिक होली पूरे विश्व में प्रसिद्ध है और इसे देखने व खेलने के लिए देश-विदेश से पर्यटक यहां आते हैं।
संयुक्त सचिव के.के. मेहता ने कहा कि व्यस्त कारोबारी जीवन में होली का त्योहार नई ऊर्जा भर देता है और हर व्यक्ति बचपन की यादों में लौट जाता है। कारोबारी सुशील बंसल ने होली को सोए हुए मन में उमंग जगाने वाला पर्व बताया, जिसमें प्रेम और सौहार्द के रंग स्वतः ही घुल जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों ने चंग की धमाल पर पारंपरिक गीतों और नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर विनोद बाफना, लूणकरण सेठिया, राजीव शर्मा, पवन अग्रवाल, प्रवेश गोयल, अंकित यादव, किशनलाल बोथरा, दिलीप रंगा, राजाराम सारडा, निर्मल पारख, राजकुमार ढढा, भंवरलाल चांडक, विनोद जोशी, पूर्व सरपंच रामस्वरूप, दिनेश वत्स, टीकूराम चौधरी, किशन मूंधड़ा, अभिमन्यु जाजड़ा, महावीर दफ्तरी, रामकरण जाजड़ा, दीपक आचार्य, अक्षय वत्स, राजकुमारी व्यास, हिमानी शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

