पर्यावरण संघर्ष समिति के महापड़ाव के चलते बीकानेर शहर के स्कूलों में आज आधे दिन की छुट्टी
बीकानेर। पर्यावरण संघर्ष समिति की ओर से 2 फरवरी 2026 (सोमवार) को प्रस्तावित महापड़ाव को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत बीकानेर शहरी क्षेत्र के समस्त राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य आंशिक रूप से संचालित किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक, बीकानेर द्वारा जारी आदेश के अनुसार शहरी क्षेत्र (Urban Area) की परिधि में आने वाले प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 2 फरवरी को शिक्षण कार्य केवल मध्यान्तर (इंटरवल) तक ही होगा। मध्यान्तर के पश्चात विद्यार्थियों को अवकाश रहेगा।
आदेश में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं आवागमन की सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने का उल्लेख किया गया है। साथ ही समस्त संस्था प्रधानों को निर्देशित किया गया है कि वे आदेश की तत्काल एवं दृढ़ता से पालना सुनिश्चित करें।

