बीछवाल-करणी औद्योगिक क्षेत्र में जल संकट गहराया, उद्योग प्रतिनिधियों ने कलक्टर से की मुलाकात
बीकानेर। बीछवाल-करणी औद्योगिक क्षेत्र में जल आपूर्ति बंद होने से उत्पन्न गंभीर स्थिति को लेकर फोर्टी संभाग अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी, द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं बीछवाल उद्योग संघ अध्यक्ष प्रशांत कंसल ने जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि से मुलाकात कर जनहित में हस्तक्षेप करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कलक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए जल आपूर्ति शीघ्र बहाल करवाने का अनुरोध किया।

मनमोहन कल्याणी ने बताया कि 12 मार्च 2026 से रीको द्वारा बीछवाल एवं करणी औद्योगिक क्षेत्र में पानी की सप्लाई बंद कर दी गई है। इसके कारण सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों, आवासीय कॉलोनियों तथा हजारों श्रमिकों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है और जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फायर ब्रिगेड स्टेशन की जल आपूर्ति भी रीको पर निर्भर है। ऐसी स्थिति में यदि किसी प्रकार की आगजनी होती है तो पानी की कमी के कारण बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहेगा।
प्रशांत कंसल ने बताया कि राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (NGT) के निर्देशानुसार यह सामने आया है कि रीको द्वारा केंद्रीय भूजल प्राधिकरण की अनुमति के बिना भूजल का दोहन किया जा रहा था। इसी के चलते प्रशासन द्वारा रीको के बोरवेलों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए हैं, जिससे बीछवाल सहित करणी औद्योगिक क्षेत्र में पानी की सप्लाई बंद हो गई है। इसका असर उद्योग संचालन के साथ-साथ पीने के पानी की उपलब्धता पर भी पड़ रहा है।
बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र के सचिव गौरव माथुर ने बताया कि पानी सप्लाई बंद होने से क्षेत्र की सरकारी डिस्पेंसरी, रिहायशी कॉलोनियों तथा यहां रहने वाले लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।
इस अवसर पर नरेश मित्तल, अनंतवीर जैन, गौरव माथुर, विकास तापड़िया एवं भंवरलाल चांडक सहित अन्य उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

