सींगी परिवार की पीबीएम को सौगात: प्रसूताओं को मिलेंगे 25 लग्ज़री कृष्णा कॉटेज, शुभारंभ 14 को
बीकानेर । बीकानेर संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल परिसर में भामाशाह सींगी परिवार द्वारा निर्मित 25 वातानुकूलित ‘कृष्णा कॉटेज’ का उद्घाटन 14 फरवरी को सुबह 11.15 बजे होगा। यह कॉटेज प्रसूति रोग विभाग में भर्ती होने वाली प्रसूताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्मित किए गए हैं।


भामाशाह श्रीराम सींगी एवं किशनलाल सींगी ने बताया कि बीकानेर जिला उद्योग संघ की प्रेरणा से उनके पूर्वज चेतनदास, द्वारकादास एवं दाऊलाल सींगी की स्मृति में इन कॉटेज का निर्माण करवाया गया है। कॉटेज पूर्णतः वातानुकूलित हैं तथा इनमें प्रसूताओं के लिए आवश्यक सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कॉटेज परिसर में ऑफिस रूम, स्टोर रूम, गार्ड रूम, नर्सिंग स्टेशन, रिसेप्शन सहित अन्य सहायक व्यवस्थाओं का भी निर्माण किया गया है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि कॉटेज को सुसज्जित किए जाने के पश्चात शनिवार को पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया, उप अधीक्षक गौरीशंकर जोशी एवं डॉ. जितेन्द्र आचार्य के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि पीबीएम अस्पताल के प्रसूति रोग विभाग में प्रतिदिन औसतन 70 से 80 प्रसव होते हैं, लेकिन अब तक कॉटेज सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रसूताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सींगी परिवार ने यह सराहनीय पहल की है।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, पूर्व विधानसभा विधायिका सिद्धि बाइसा, पश्चिम विधानसभा विधायक जेठानंद व्यास, जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि तथा अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा अध्यक्ष संदीप काबरा को आमंत्रित किया गया है।

