महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर समरसता कार्यक्रम आयोजित
बीकानेर। राजस्थान शिक्षक संघ (शे) जिला कमेटी बीकानेर द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले के 199वें जयंती दिवस के अवसर पर संगठन के स्थानीय कार्यालय में समरसता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित संगठन के सदस्य एवं पदाधिकारियों ने ज्योतिबा फुले को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

संगठन के प्रदेश उपसभाध्यक्ष रेवंतराम गोदारा ने ज्योतिबा फुले को महान समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देकर समाज को नई दिशा दी। वरिष्ठ सदस्य पूनमचंद शर्मा ने कहा कि ज्योतिबा फुले ने आजीवन सर्वसमाज के शैक्षिक प्रतिनिधि के रूप में कार्य किया और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि ज्योतिबा फुले ने कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का साहसिक प्रयास किया, जो आज भी प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में जिला मंत्री अरुण गोदारा, प्रदेश प्रतिनिधि खुमाणाराम सारण, जिला उपसभाध्यक्ष श्यामसुंदर देवड़ा, संयोजक महेंद्र सिंह पंवार, कैलाश वैष्णव, नगर अध्यक्ष मनीष ठाकुर, नगर मंत्री देवेंद्र जाखड़, श्रीकोलायत अध्यक्ष ताराप्रकाश मोयल, प्रवक्ता रवींद्र विश्नोई, कार्यालय प्रभारी विजय सिंह राजपूत, अनिल कुमार गौड़ सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

