BikanerBusinessExclusive

गंगाशहर-भीनासर पापड़-भुजिया एसोसिएशन ने किया पचीसिया का स्वागत, कुटीर उद्योगों के विकास पर रहेगा फोकस


बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया को बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में गंगाशहर-भीनासर पापड़-भुजिया एसोसिएशन द्वारा उनका स्वागत-अभिनंदन किया गया और बुके भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।


इस अवसर पर द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि चुनाव के बाद उनका मुख्य फोकस छोटे व कुटीर उद्योगों के विकास पर रहेगा। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में संचालित छोटे उद्योगों के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि उन्हें छोटे प्लॉट उपलब्ध करवाकर एक ही छत के नीचे व्यवस्थित रूप से स्थापित किया जा सके।

इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह जीत पूरी टीम की मेहनत और कार्यशैली का परिणाम है। उद्योगपतियों ने टीम के कार्यों पर विश्वास जताते हुए भारी मतों से विजयी बनाकर पुनः बीकानेर जिला उद्योग संघ की जिम्मेदारी सौंपी है।


वरिष्ठ पापड़ व्यवसायी माणकचंद चौधरी ने कहा कि पचीसिया के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र को नए आयाम मिले हैं और उनके कार्यकाल में ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ काम हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की आवश्यकता औद्योगिक विकास है।


भीनासर के पापड़ व्यवसायी पानमल डागा ने कहा कि पचीसिया ने औद्योगिक के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जो ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि विकास की दिशा में बढ़ते इस नेतृत्व को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।


इस दौरान विजय राज मालू, मनोज सेठिया, गिरधर करनानी, मांगीलाल लूणिया, राजकुमार गट्टानी और श्रीपाल भूरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *