अनुभव और युवा संगम से होगा औद्योगिक विकास : पचीसिया
बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ के हाल ही में सम्पन्न हुए चुनाव में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मतदाताओं की धड़कनों को तेज करने वाले इस चुनाव में कुशल नेतृत्व और औद्योगिक व सामाजिक विकास के समन्वय के लिए जाने जाने वाले द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं उनकी टीम ने शानदार सफलता हासिल की।

मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट अजय पुरोहित, सहायक चुनाव अधिकारी विनोद जोशी, एम.एम. मूंधड़ा एवं दिनेश गहलोत ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, उपाध्यक्ष नरेश मित्तल, अशोक सुराणा सहित पूरी कार्यकारिणी को विजयी प्रमाण पत्र प्रदान किए।
मुख्य चुनाव अधिकारी अजय पुरोहित ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी और संवैधानिक तरीके से सम्पन्न कराई गई। उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं ने संयम और सौहार्द का परिचय देते हुए मतदान में भाग लिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने अपने संबोधन में कहा कि उनका विजन सदैव औद्योगिक विकास पर केंद्रित रहा है। इस बार अनुभव और युवाओं के संगम के साथ और अधिक ऊर्जा के साथ औद्योगिक विकास को गति दी जाएगी।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष नरेश मित्तल, अशोक सुराणा, वीरेंद्र किराडू, पारस डागा, श्यामसुन्दर सोनी, विमल चोरड़िया, सुरेंद्र बांठिया, अशोक गहलोत, मनोज चांडक, शिवरतन पुरोहित, राजाराम सारड़ा, निर्मल पारख, किशनलाल बोथरा, दिलीप रंगा, विजय जैन एवं अरविंद चौधरी को भी विजयी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में युवा उद्योगपति पिंटू राठी, एडवोकेट प्रशांत तंवर, भंवरलाल चांडक, विमल दम्माणी, महेश चांडक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

