BikanerRajasthanReligiousSociety

छोटीकाशी में शक्ति आध्यात्मिक महोत्सव, स्वर्ग सरीखे पांडाल में गूंजा देवी मां का गुणगान

बीकानेर। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने लिया जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरि जी महाराज का आशीर्वाद, महायज्ञ-महाभिषेक से हजारों श्रद्धालु लाभान्वित
बीकानेर। गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन परिसर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित शक्ति आध्यात्मिक महोत्सव में स्वर्ग तुल्य भव्य पंडाल में जगत जननी देवी मां के नाम का गुणगान गूंज उठा। तमिलनाडु के विश्व विख्यात श्री पार्श्व पद्मावती शक्तिपीठ तीर्थधाम कृष्णगिरी के शक्तिपीठाधीपति पूज्यपाद जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरि जी महाराज के पावन सान्निध्य में विराट कथा यज्ञ महोत्सव एवं श्री महालक्ष्मी महायज्ञ का आयोजन हो रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालु दैवीय ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं।


कार्यक्रम में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी ने पहुंचकर जगद्गुरु का आशीर्वाद लिया। दोनों अतिथियों का श्री पार्श्व पद्मावती सेवा ट्रस्ट कृष्णगिरी की ओर से स्वागत किया गया। केंद्रीय मंत्री ने आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे भक्तिमय कार्यक्रम समाज में संस्कार, श्रद्धा और आध्यात्मिक जागरण को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने मंच से देशनोक की मां करणी का भजन भी प्रस्तुत किया।


दानी बनने से बढ़ती है पात्रता और समृद्धि : जगद्गुरु
श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा के दूसरे दिन जगद्गुरु वसंत विजयानंद गिरि जी महाराज ने ब्रह्मचारिणी स्वरूपा देवी मां का विस्तृत वर्णन करते हुए कहा कि सच्ची श्रद्धा के लिए तप, संयम और इंद्रिय नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने दान और पात्रता के महत्व को बताते हुए कहा कि जो व्यक्ति दानी बनता है, उसकी पात्रता बढ़ती है और उसे धन, सुख, ऐश्वर्य, यश व कीर्ति की प्राप्ति होती है। उन्होंने मां पद्मावती की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि उनके नाम में अनंत शक्ति है, जो इस जन्म में समृद्धि और अगले जन्म में मोक्ष प्रदान करती है।


हवन-यज्ञ और महाभिषेक से भक्तों को मिल रही अलौकिक ऊर्जा
सुबह के सत्र में साधना कक्ष में देवी-देवताओं की विधिवत पूजा, भोग, श्रृंगार आरती और सामूहिक जाप साधना हुई। दोपहर में वैदिक मंत्रों के बीच नौ कुंडीय हवन में आहुतियां दी गईं। डॉ. संकेश छाजेड़ ने बताया कि काशी के विद्वान पंडितों के मार्गदर्शन में श्री महालक्ष्मी महायज्ञ संपन्न हो रहा है तथा दस करोड़ सिद्ध मंत्रों से सिद्ध शिवलिंग का महाभिषेक किया जा रहा है, जिसकी दिव्य ऊर्जा से हजारों श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं। ग्यारह दिवसीय इस आयोजन का सीधा प्रसारण अधिकृत यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है।


अनेक गणमान्य लोग रहे उपस्थित
आयोजन से जुड़े कुनाल कोचर ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना है। कार्यक्रम में मोहन सुराणा, नरेश नायक, सुखचैन नायक, बसंत नवलखा, सुरेंद्र कोचर, विमल पारीक, हरिप्रसाद शर्मा, सुमन छाजेड़, नारायण चौपड़ा, सत्यप्रकाश आचार्य, गुमान सिंह राजपुरोहित, गोपाल अग्रवाल, किशोर आचार्य, श्रीपाल नाहटा और रवि रामपुरिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *