181 हेल्पलाइन पर मंत्री का औचक निरीक्षण, गैस एजेंसियों को चेतावनी, शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों की पालना में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सोमवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) का निरीक्षण किया और आमजन से फोन पर सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए परिवादों पर सीधे बात की। उन्होंने डीडवाना-कुचामन, सीकर, बालोतरा, किशनगढ़, सिणधरी, साहवा, सूरतगढ़, कोटपूतली-बहरोड़ तथा केकड़ी क्षेत्र के परिवादियों से बातचीत कर घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली और समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गैस सिलेंडर आपूर्ति में अनियमितता बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
संवाद के दौरान परिवादियों ने ओटीपी के बिना डिलीवरी दिखाने, बुकिंग के बाद समय पर सिलेंडर नहीं पहुंचने तथा अन्य अनियमितताओं की शिकायतें रखीं। इस पर मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दो से तीन दिन के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और ओटीपी प्रक्रिया का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से केवाईसी करवाने की भी अपील की।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से हेल्पलाइन पर उपस्थित रहकर स्वयं आमजन की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
इससे पहले मंत्री ने 181 हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की और लंबित मामलों, निस्तारण की औसत अवधि तथा संतुष्टि स्तर की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा परिवादियों से नियमित फीडबैक लिया जाए।
इस अवसर पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

