कर्मचारियों के हकों पर बड़ा फैसला! रीवा संगठन की प्रदेश बैठक में कई अहम निर्णय
कर्मचारी कल्याण के मुद्दों पर हुआ मंथन
बीकानेर। रथखाना कॉलोनी स्थित एक सभा स्थल पर रविवार को “रीवा” संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में कर्मचारी कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।


बैठक के दौरान संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया। इसमें अभय सिंह राजपुरोहित को प्रदेश महामंत्री, सुरेश कुमार खेशवाणी को प्रदेश कार्यालय एवं संगठन मंत्री, जाकिर हुसैन और भगवान सहाय मीणा को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महावीर सिंह को प्रदेश संयुक्त सचिव, आनंद यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा कृष्ण कुमार शर्मा को प्रदेश उप महामंत्री नियुक्त किया गया।

बैठक में कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इनमें तृतीय श्रेणी अध्यापकों एवं कनिष्ठ सहायकों के स्थानांतरण और पदोन्नति, मंत्रालयिक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति, एनपीएस कर्मियों की सेवानिवृत्ति प्रक्रिया को सरल बनाने, नव क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों का आवंटन, नोशनल लाभ के तहत एसीपी, मकान किराया वसूली, ग्रीष्मावकाश अवधि निर्धारण, खेल कोटे से नियुक्तियां, आर.के. भवन सुधार तथा सभी संवर्गों की पदोन्नति जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर संगठन ने स्वर्गीय कृपा शंकर व्यास (निवासी धोबीधोरा, बीकानेर) को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी स्मृति में उपस्थित सदस्यों को उनके द्वारा संकलित वेतनमान संबंधी पुस्तक निःशुल्क वितरित की गई।
बैठक के अंत में भगवान सहाय मीणा, विश्व प्रिय आचार्य और प्रकाश नारायण स्वामी का सम्मान किया गया तथा उनका आभार व्यक्त किया गया।
बैठक को भीष्म महर्षि, भंवर प्रजापत, आनंद यादव, मनीष धींगड़ा, अभय सिंह, किशन कुमार शर्मा, प्रदीप जोशी, मुकेश आढ़ा सहित कई सदस्यों ने संबोधित किया। अंत में निर्णय लिया गया कि बैठक में लिए गए प्रस्तावों को शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।

