BikanerEducationExclusive

अर्हम् इंग्लिश एकेडमी को भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्धता, 27 नक्षत्रों के नाम पर होंगी पुस्तकें, बीकानेर का पहला ‘आधुनिक गुरूकुल’ बनने का दावा

बीकानेर। शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान अर्हम् इंग्लिश एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल को भारतीय शिक्षा बोर्ड (BSB) से आधिकारिक संबद्धता प्राप्त हो गई है। इस उपलब्धि के अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रबंधन ने इसे बीकानेर का पहला आधुनिक गुरूकुल बताया, जहां विज्ञान, वाणिज्य एवं कला तीनों संकायों के साथ भारतीय परंपरा आधारित शिक्षा दी जाएगी।


विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, बीकानेर में यह पहला स्कूल है जिसे भारतीय शिक्षा बोर्ड की संबद्धता मिली है। अब यहां विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, योग, आयुर्वेद, भारतीय दर्शन, वेद अध्ययन तथा विदेशी भाषाओं का भी ज्ञान दिया जाएगा। विद्यालय की गतिविधियों में योग, प्राणायाम और पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया गया है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।


प्रेस वार्ता में चेयरपर्सन सुनील रामावत ने बताया कि भारतीय शिक्षा बोर्ड केंद्र स्तर का शिक्षा बोर्ड है, जिसका उद्देश्य शिक्षा को भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों के अनुरूप विकसित करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगारपरक और संस्कारयुक्त शिक्षा देना भी आवश्यक है।


संस्थापक सचिव सुरेन्द्र कुमार डागा ने बताया कि उनका सपना था कि विद्यालय के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारत दर्शन और सनातन संस्कारों का ज्ञान मिले। उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड का पाठ्यक्रम इस प्रकार तैयार किया गया है कि विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे आईएएस, आईपीएस, बैंकिंग, रेलवे आदि की तैयारी भी साथ-साथ कर सकें।


उन्होंने बताया कि बोर्ड की एक विशेषता यह भी है कि पाठ्यक्रम को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने के लिए पाठ्यपुस्तकों के नाम भारतीय ज्योतिष में वर्णित 27 नक्षत्रों के आधार पर रखे गए हैं। कक्षाओं के नाम भी भारतीय ऋषियों, स्वतंत्रता सेनानियों और महान विद्वानों के नाम पर रखे जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित हो।


विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, भारतीय शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम में सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, तर्कशक्ति, गणित, भारतीय इतिहास, संविधान और सामाजिक संरचना पर विशेष ध्यान दिया जाता है। साथ ही नई शिक्षा नीति के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा, योग, प्राणायाम, आयुर्वेद तथा नैतिक शिक्षा को भी शामिल किया गया है।


प्रबंधन ने बताया कि विद्यालय में अब विज्ञान, वाणिज्य एवं कला तीनों संकायों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी और नवीनतम शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान की जाएगी।


प्रेस वार्ता में उपस्थित अतिथियों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय शिक्षा बोर्ड से संबद्धता मिलने से बीकानेर के विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति आधारित आधुनिक शिक्षा का नया विकल्प मिलेगा।


विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि इस पहल से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और विद्यार्थी संस्कारित, आत्मविश्वासी और जागरूक नागरिक बनेंगे। अर्हम् इंग्लिश एकेडमी प्रबंधन ने कहा कि संस्था भविष्य में भी नवाचार और गुणवत्ता के साथ शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *