BikanerExclusiveHealth

संभागीय आयुक्त ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण, दो करोड़ के पुनर्निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी

बीकानेर। संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने गुरुवार को एसडीएम जिला अस्पताल बीकानेर का दौरा कर आरएमआरएस की बैठक में भाग लिया और विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए। बैठक में अस्पताल परिसर के मुख्य द्वार, रजिस्ट्रेशन काउंटर, प्रतीक्षालय एवं स्वागत द्वार के पुनर्निर्माण हेतु लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। यह कार्य मदनमोहन ट्रस्ट के सहयोग से किया जाएगा।


संभागीय आयुक्त ने अस्पताल की आठ एकड़ भूमि के दानदाता एवं भवन निर्माण में योगदान देने वाले मदन मोहन ट्रस्ट तथा गिरधर दास मूंधड़ा परिवार के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। बैठक में अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने आय-व्यय, विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी।

बैठक में अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. रेखा आचार्य, उपनिदेशक डॉ. राहुल हर्ष, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. घनश्याम, लेखाधिकारी दुष्यंत छींपा, अमित वशिष्ठ, सहायक अभियंता पीयूष सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।


निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की प्रगति की समीक्षा की और प्रतिमाह मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं आभा आईडी बनवाकर ऑनलाइन पंजीकरण कराया तथा चर्म रोग विभाग में उपचार भी लिया।

उन्होंने लैब का निरीक्षण कर अस्पताल में चल रही डिजिटलीकरण प्रक्रिया और आईएचएमएस पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा इसे आमजन के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने अस्पताल के शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण की योजना की सराहना करते हुए आवश्यक लॉजिस्टिक खरीद के प्रस्तावों को मंजूरी दी।


रोटरी क्लब रॉयल्स ने भेंट किए आभा आईडी काउंटर
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स द्वारा निर्मित आभा आईडी काउंटर का लोकार्पण किया गया। क्लब की ओर से अस्पताल को दो आभा आईडी काउंटर भेंट किए गए तथा भविष्य में ओपीडी के लिए दस कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।

क्लब अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि रोटरी क्लब पिछले कई वर्षों से जिला अस्पताल में सामाजिक सरोकार के कार्य कर रहा है और डिजिटलीकरण में भी सहयोग देगा। रोटेरियन आनंद आचार्य ने इसे रोटरी क्लब का महत्वपूर्ण सामाजिक प्रोजेक्ट बताया। इस दौरान पंकज पारीक, नितेश रंगा, विनय बिस्सा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


बैठक में लिए गए अन्य निर्णय
मोतियाबिंद सर्जरी के माइक्रोस्कोप अपग्रेडेशन हेतु 1.25 लाख रुपये स्वीकृत
डिजिटलीकरण के लिए 1 लाख रुपये के लॉजिस्टिक को मंजूरी
मेंटेनेंस हेतु पीडब्ल्यूडी चौकी चालू करने के निर्देश
लैब में एसी व फर्नीचर के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत
आपातकालीन व लेबर रूम में ऑक्सीजन लाइन व वैक्यूम मशीन हेतु 4 लाख रुपये स्वीकृत
जनजागरूकता के लिए आईईसी मद में 1 लाख रुपये स्वीकृत
अतिरिक्त एनेस्थीसिया चिकित्सक के पदस्थापन के निर्देश


इसके अलावा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में पैकेज बुकिंग बढ़ाने और रिजेक्शन रेट कम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी, जन औषधि केंद्र और सरस पार्लर खोलने के प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *