18 मार्च को राजस्थान के स्मारकों व संग्रहालयों में विद्यार्थियों का प्रवेश निःशुल्क
बीकानेर। विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से राजस्थान सरकार के पुरातत्त्व एवं संग्रहालय विभाग ने राज्य के सभी विभागाधीन संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों में विशेष व्यवस्था की है। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 18 मार्च 2026 को विद्यालय एवं महाविद्यालय आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए सभी स्मारकों एवं संग्रहालयों में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

निदेशालय, पुरातत्त्व एवं संग्रहालय विभाग, जयपुर के निदेशक डॉ. पंकज धरेन्द्र द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि विभाग के अधीन सभी स्मारकों और संग्रहालयों में 7 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश पूर्व से ही निःशुल्क है। इसके अलावा शिक्षण संस्थाओं द्वारा लेटर पैड पर हस्ताक्षरयुक्त पत्र के साथ आने वाले विद्यार्थियों को पूरे सप्ताह सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निःशुल्क भ्रमण करवाने की व्यवस्था भी लागू है।
विभाग ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग, बीकानेर को निर्देश दिए हैं कि इस संबंध में सभी विद्यालयों में आवश्यक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी ऐतिहासिक धरोहरों को देख सकें और उनमें भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व एवं समझ की भावना विकसित हो।
विभाग ने सभी संग्रहाध्यक्षों, अधीक्षकों एवं परिरक्षकों को निर्देशित किया है कि शिक्षण संस्थाओं से आने वाले विद्यार्थियों को नियमानुसार निःशुल्क प्रवेश देकर भ्रमण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

