BikanerEducationExclusive

कक्षा 1-2 के SA-3 मूल्यांकन के नए निर्देश जारी, पीएमश्री विद्यालयों में ऐप से होगा आकलन

बीकानेर। माध्यमिक शिक्षा निदेशक द्वारा सत्र 2025-26 में कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों के SA-3 (समेटिव असेसमेंट-3) मूल्यांकन को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार राज्य के पीएमश्री विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का मूल्यांकन Shikshak App के माध्यम से किया जाएगा, जबकि अन्य राजकीय विद्यालयों में मूल्यांकन शालादर्पण पर उपलब्ध प्रश्नपत्रों से कराया जाएगा।


आदेश के अनुसार पीएमश्री विद्यालयों में SA-3 पूरी तरह ऐप आधारित होगा। विद्यार्थी प्रश्नों के उत्तर मौखिक या लिखित रूप में देंगे, लेकिन उनकी प्रविष्टि शिक्षक द्वारा ऐप में की जाएगी। प्रत्येक विद्यार्थी का अलग-अलग मूल्यांकन करना होगा तथा अंतिम सबमिशन के बाद संशोधन संभव नहीं होगा।


अन्य सभी राजकीय विद्यालयों के लिए RSCERT द्वारा तैयार मूल्यांकन पत्रक शालादर्पण के विद्यालय लॉगिन पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता की जिम्मेदारी संस्था प्रधान की होगी।


निर्देशों में कहा गया है कि मूल्यांकन से पूर्व शालादर्पण पर विद्यार्थियों के प्रपत्र-5 व प्रपत्र-9 पूर्ण होना आवश्यक है तथा शिक्षक व कक्षाध्यापक की मैपिंग भी सुनिश्चित करनी होगी। Shikshak App का नवीनतम संस्करण इंस्टॉल कर लॉगिन करना अनिवार्य रहेगा।


मूल्यांकन के दौरान प्रत्येक विद्यार्थी को व्यक्तिगत रूप से पर्याप्त समय देकर निष्पक्ष आकलन करने, A, B और C ग्रेड के आधार पर अधिगम स्तर दर्ज करने तथा निर्धारित समय में 100 प्रतिशत मूल्यांकन पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
संस्था प्रधान को परीक्षा की निगरानी, शिक्षक को सही डेटा प्रविष्टि तथा ब्लॉक व जिला अधिकारियों को नियमित समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। तकनीकी समस्या आने पर तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित करने को कहा गया है।


समय-सारणी के अनुसार
12-13 मार्च को ट्रायल रन,
16-17 मार्च को हिन्दी व अंग्रेजी,
18 मार्च को गणित विषय का मूल्यांकन होगा,
जबकि 16 से 18 मार्च के बीच अनुपस्थित विद्यार्थियों का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा।


निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने संभागीय संयुक्त निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों में SA-3 मूल्यांकन निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *