सोशल मीडिया पर ईंधन कमी की अफवाह भ्रामक, देश में पर्याप्त उपलब्धता : HPCL
बीकानेर। Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL) ने सोशल मीडिया पर ईंधन की कमी को लेकर फैलाए जा रहे संदेशों को भ्रामक और निराधार बताया है। कंपनी ने एसएमएस भेजकर नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि देश में पेट्रोल-डीजल सहित सभी प्रकार के ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की घबराहट या अनावश्यक खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।

HPCL द्वारा जारी संदेश में कहा गया है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ईंधन की कमी संबंधी गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है, जिससे आम नागरिकों में अनावश्यक चिंता का माहौल बन रहा है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।
कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और ईंधन का उपयोग समझदारी से करें। HPCL के अनुसार, जिम्मेदारी के साथ ईंधन का उपयोग करना हमेशा लाभदायक होता है और इससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहती है।

