पुणे महानगरपालिका में राजस्थानी समाज को प्रतिनिधित्व देने की मांग, जयप्रकाश राधाकिशन पुरोहित की दावेदारी तेज
बीकानेर । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता, राजस्थानी समाज के कर्मठ सदस्य एवं वर्षों से सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे जयप्रकाश राधाकिशन पुरोहित ने पुणे महानगरपालिका के स्वीकृत नगरसेवक पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है।

जयप्रकाश पुरोहित का परिवार पिछले दो पीढ़ियों से वर्ष 1967 में जनसंघ के कार्यकाल से लेकर आज तक भाजपा के माध्यम से संगठन की निरंतर सेवा करता आ रहा है। पार्टी के प्रति निष्ठा, समर्पण और विचारधारा के प्रति प्रतिबद्धता के साथ-साथ राजस्थानी समाज में भी उनकी सशक्त और प्रभावी भूमिका रही है।
दो पीढ़ियों से भाजपा की सेवा करने वाला यह परिवार आज समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की लड़ाई लड़ रहा है। पुणे शहर में लगभग 8 लाख की संख्या में राजस्थानी समाज निवास करता है, लेकिन इसके बावजूद पुणे महानगरपालिका में समाज का एक भी प्रतिनिधि नहीं है।
राजस्थानी समाज के लोगों ने जयप्रकाश पुरोहित के माध्यम से भाजपा नेतृत्व से मांग की है कि उन्हें पुणे शहर से स्वीकृत नगरसेवक पद का अवसर दिया जाए, ताकि दो पीढ़ियों से की जा रही पार्टी सेवा का सम्मान हो और समाज को उसका हक़ मिल सके।
समाज का कहना है कि राजस्थानी समाज हमेशा भाजपा के समर्थन में खड़ा रहा है और पुणे की लोकसभा व विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत में निर्णायक भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में अब पार्टी को समाज की इस लंबे समय से चली आ रही मांग पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
इधर, बीकानेर पुष्करणा ब्राह्मण समाज ने भी जयप्रकाश पुरोहित के पार्टी के प्रति समर्पण, निष्ठा और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताया है। समाज ने उम्मीद जताई है कि पार्टी उनके अनुभव और सेवाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें निश्चित रूप से कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपेगी।

