BikanerHealthSociety

कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी के नि:शुल्क विवाह पंजीयन शिविर में 60 प्रमाण पत्र वितरित

बीकानेर। कम्युनिटी वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में रविवार को पुना महाराज की कोठड़ी, नत्थूसर गेट (अंदर), बीकानेर में आयोजित नि:शुल्क विवाह पंजीयन शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


संस्था के संरक्षक राजकुमार किराडू ने बताया कि यह शिविर सर्व समाज के उन नवविवाहित जोड़ों के लिए आयोजित किया गया था, जिनका विवाह 10 फरवरी 2026 को पुष्करणा सावे (ओलंपिक सावा) के अवसर पर या उससे पूर्व संपन्न हुआ था। शिविर में बड़ी संख्या में नवदंपतियों ने भाग लिया और अपने विवाह का विधिवत पंजीयन करवाया।


आयोजन के दौरान विवाह पंजीयन हेतु कुल 100 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से लगभग 60 विवाह प्रमाण पत्र मौके पर ही वितरित किए गए। विवाह पंजीयन से संबंधित समस्त सेवाएं पूर्णतः नि:शुल्क प्रदान की गईं। नगर निगम के अधिकृत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में दस्तावेज सत्यापन, फोटोग्राफी, फोटो कॉपी एवं पंजीयन की संपूर्ण प्रक्रिया संपन्न की गई तथा नवदंपतियों को हाथों-हाथ प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।


शिविर के मुख्य अतिथि समाजसेवी श्री रतन लाल ओझा (रतना महाराज) एवं पंडित राजेंद्र किराडू रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राजेंद्र किराडू (बाउका महाराज) उपस्थित रहे। निगम अधिकारी सुश्री प्रगति सोलंकी की उपस्थिति में समस्त प्रक्रिया संपन्न हुई।


संस्था के प्रतिनिधि राजकुमार किराडू ने बताया कि यह पहल समाज को कानूनी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विवाह पंजीयन प्रत्येक दंपति के लिए आवश्यक है और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। शिविर में लगने वाला सरकारी शुल्क भी संस्था द्वारा वहन किया गया।


शिविर की व्यवस्थाओं में गौरव व्यास, रामचंद्र ओझा, किशन किराडू, बसंत सेवग, हैप्पी व्यास, महेश व्यास, राजा पुरोहित, कैलाश छींपा एवं हर्षवर्धन जोशी का विशेष सहयोग रहा। वहीं समाज के वरिष्ठजनों एवं कार्यकर्ताओं—किशन ओझा, प्रहलाद ओझा, राकेश कल्ला, राजकुमार व्यास एवं राजेश व्यास—ने भी आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।


अंत में संस्था की ओर से सभी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए सहयोगियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *