ArmyBikanerSociety

आर्मी की इंजीनियर रेजिमेंट की प्लास्टिक मुक्त पहल ‘Hour for Nation’ को सौंपे 60 किलो यूज्ड प्लास्टिक


बीकानेर। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय कदम उठाते हुए बीकानेर मिलिट्री स्टेशन स्थित 267 इंजीनियर रेजिमेंट ने प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत 60 किलोग्राम उपयोग किए गए प्लास्टिक दूध पैकेट एनजीओ ‘Hour for Nation’ को सौंपे। यह पहल मिलिट्री स्टेशन को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र बनाने की निरंतर मुहिम का हिस्सा है।


कार्यक्रम में ‘Hour for Nation’ की ओर से वंदना शर्मा एवं कपिला सरस्वत उपस्थित रहीं। उन्होंने सेना के अधिकारियों और यूनिट सदस्यों को संस्था की स्थापना, उद्देश्य और कार्यशैली से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को निरंतर मजबूती दे रहा है।


सैन्य पक्ष की ओर से पूनम जाधव, यूनिट फैमिली वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की चेयरपर्सन मेघा शर्मा (प्रथम महिला) सहित यूनिट की महिला अधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहीं। सभी ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।


रेजिमेंट द्वारा एकत्रित प्लास्टिक कचरे को ‘Hour for Nation’ संस्था द्वारा पर्यावरण अनुकूल पुनर्चक्रण प्रक्रिया के माध्यम से निस्तारित किया जाएगा। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह पहल भारतीय सेना की हरित सोच और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।


कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थाओं ने भविष्य में भी आपसी सहयोग से ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखने और जनजागरूकता को और अधिक व्यापक बनाने पर सहमति जताई। यह पहल न केवल स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में एक सशक्त कदम है, बल्कि सिविल–मिलिट्री सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *