BikanerBusinessEducation

एनीमेशन से स्टार्टअप तक: अटल इनोवेशन स्टूडियो बन सकता है गेमचेंजर

अटल इनोवेशन स्टूडियो से युवाओं को मिल सकता है नया मुकाम , बीकानेर में शीघ्र शुरुआत की उठी मांग


बीकानेर। राज्य सरकार की बजट घोषणा 2024-25 (वोट ऑन अकाउंट) के तहत प्रस्तावित Atal Innovation Studio and Accelerator को लेकर बीकानेर में उम्मीदें और उत्साह दोनों बढ़ गए हैं। इस अत्याधुनिक इनोवेशन स्टूडियो के माध्यम से युवाओं को एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, लघु फिल्म, डॉक्यूमेंट्री और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन जैसे आधुनिक और रोजगारोन्मुखी क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर मिलेगा।


इसी क्रम में बीकानेर आईटी यूनियन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र प्रारम्भ करने की मांग को लेकर 31 जनवरी 2026 को जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा। यूनियन की ओर से केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी तथा नोखा विधायक सुशीला डूडी को ज्ञापन देकर परियोजना के शीघ्र शिलान्यास एवं निर्माण कार्य शुरू करवाने का आग्रह किया गया।


आईटी यूनियन ने अवगत कराया कि राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बीकानेर में 4 सितंबर 2024 को लगभग 6000 वर्ग मीटर भूमि आवंटित की जा चुकी है तथा भूमि की सोइल टेस्टिंग भी पूर्ण हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक भवन निर्माण से संबंधित कोई सिविल कार्य प्रारम्भ नहीं किया गया है।


दूसरी ओर, राज्य सरकार की योजना के अनुसार प्रदेश में अत्याधुनिक Innovation Studio and Accelerator तैयार किया जाना प्रस्तावित है, जिसकी निर्माण एवं समन्वय की जिम्मेदारी सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT) को सौंपी गई है। इस केंद्र में लघु फिल्म, डॉक्यूमेंट्री और डिजिटल कंटेंट निर्माण की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे युवाओं को बड़े शहरों की ओर पलायन किए बिना अपने ही जिले में प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।


यह होंगे प्रमुख लाभ
राज्य में ही फिल्म एवं डिजिटल प्रोडक्शन के अवसर
कौशल प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक का सीधा मार्ग
उभरती उद्यमशील प्रतिभाओं को सशक्त मंच
छोटे स्तर पर फिल्म और डिजिटल प्रोजेक्ट संभव
निवेश और रोजगार सृजन पर विशेष फोकस
स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा


आईटी यूनियन अध्यक्ष भंवरलाल व्यास ने कहा कि यदि यह केंद्र बीकानेर में शीघ्र प्रारम्भ होता है, तो जिले के युवाओं को तकनीक, स्टार्टअप और क्रिएटिव इंडस्ट्री के क्षेत्र में नया आसमान मिलेगा। यूनियन ने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे मुख्यमंत्री से इस विषय में चर्चा कर इस परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के प्रयास करें, ताकि बीकानेर तकनीकी नवाचार के नए केंद्र के रूप में उभर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *