खाजूवाला राज्यस्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट में बच्ची क्लब की गर्ल्स टीम का शानदार प्रदर्शन, उपविजेता बनी
बीकानेर। ड्यूनश फुटबॉल अकादमी द्वारा खाजूवाला में आयोजित द्वितीय राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में मास्टर बच्ची क्लब की गर्ल्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। संघर्षपूर्ण फाइनल मुकाबले में टीम टाईब्रेकर्स तक पहुंची, जहां मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

प्रतियोगिता के दौरान बच्ची क्लब की गर्ल्स टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। लीग मुकाबलों में अपने ग्रुप में 6 अंक हासिल कर टीम पहले स्थान पर रही। सेमीफाइनल मुकाबले में बच्ची क्लब ने दिशा संस्थान को 1-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
क्लब के सचिव भरत पुरोहित ने इस सफलता का श्रेय गर्ल्स टीम की कोचिंग टीम बुंदेला सिंह, श्याम चुरा और देवेंद्र पुरोहित को दिया। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन की भी सराहना की। वहीं बच्ची क्लब की बॉयज टीम ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
क्लब के अध्यक्ष ने उपविजेता रही गर्ल्स टीम का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया तथा प्रोत्साहन की घोषणाएं कीं। क्लब से जुड़े कोच विनोद जागा, अभिषेक, आशीष, अनिल, दिनेश राधे ओझा, गौरव जागा और प्रद्युम्न सहित अन्य सदस्यों ने टीम को शुभकामनाएं देकर उत्साह बढ़ाया।
टीम के संरक्षक एन. डी. रंगा, देवकिशन चांडक (गौ भक्त), राजेश चुरा, रामजी सोनी, अशोक छंगाणी, महावीर, त्रिभुवन और शिवकुमार ने भी टीम की इस उपलब्धि पर प्रशंसा जताई।
मीडिया प्रभारी हर्षित बिस्सा ने बताया कि गर्ल्स टीम ने कप्तान स्नेहा के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल की। अंत में जितेंद्र पुरोहित ने क्लब की ओर से आयोजन समिति के नितांत का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए सराहना की।

